अंजलि को राष्ट्रीय पुरस्कार, चंबा रूमाल को नई बुलंदियों पर पहुंचाने पर दिल्ली में मिला सम्मान

Spread the love


आवाज़ ए हिमाचल

 

चंबा। विश्व प्रसिद्ध चंबा रूमाल को नई बुलंदियों पर पहुंचाने के लिए चंबा जिला की हस्तशिल्पी अंजलि वकील को राष्ट्रीय पुरस्कार से नवाजा गया है। वस्त्र मंत्रालय भारत सरकार की ओर वर्ष 2018 की सूची में अंजलि वकील का चयन राष्ट्रीय पुरस्कार के लिए किया गया था। केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने दिल्ली में आयोजित समारोह के दौरान अंजलि वकील को यह पुरस्कार देकर सम्मानित किया। पुरस्कार के तौर पर अंजलि वकील को ताम्रपत्र व प्रशस्ति पत्र के साथ शाल भेंट किया गया। अंजलि वकील ने कहा कि पुरस्कार मिलने से उनकी व चंबा रूमाल की कला को और अधिक प्रोत्साहन मिलेगा।

अंजलि ने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय अपनी सास पद्मश्री ललिता वकील को दिया है। उन्होंने कहा कि चंबा रूमाल को विश्व पहचान दिलवाने के लिए ललिता वकील का अहम योगदान रहा है। इसी वर्ष मार्च माह में उन्हें पद्मश्री सम्मान से नवाजा गया था। अंजलि ने कहा कि चंबा रूमाल की कला को सहजने और इसे ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए वह भविष्य में भी मेहनत करेंगी। पद्मश्री ललिता वकील ने इस उपलब्धि के लिए बहू की पीठ थपथपाई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *